कैनेडा के ब्रैंपटन शहर में बनेगा गीता पार्क
ब्रैंपटन
पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों से प्रभावित होकर कैनेडा के ब्रैंपटन शहर में 3.75 एकड़ में भव्य गीता पार्क बनाया जाएगा। इस प्रस्ताव पर ब्रैंपटन शहर के मेयर पैट्रिक ब्राउन और सभी कांउसलर ने अपनी मुहर लगाई है। अहम पहलू यह है कि इस गीता पार्क में ब्रह्मसरोवर कुरुक्षेत्र की तर्ज पर श्रीकृष्ण-अर्जुन रथ भी स्थापित किया जाएगा।
केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा ने बताया कि गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद करीब दो माह पहले अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव की तैयारी को लेकर कैनेडा गए थे। इस दौरान उन्होंने ब्रैंपटन शहर में ट्रायस पार्क को गीता पार्क बनाने की चर्चा कैनेडा ब्रैंपटन के मेयर और काउंसलर से की थी। इस चर्चा के बाद ही इस पार्क के निर्माण और नामकरण की कार्रवाई को शुरू कर दिया गया था। यह कुरुक्षेत्र ही नहीं हरियाणा के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
इस फैसले में हरियाणा मूल निवासी गुलाब सैनी का योगदान अहम रहा है। काउंसिल ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा पवित्र ग्रंथ गीता को विश्व स्तर पर प्रचार-प्रसार करने की नीतियों से प्रभावित होकर ही कैनेडा के ब्रैंपटन शहर में गीता पार्क बनाने का फैसला लिया है। इससे पहले इस पार्क का नाम ट्रॉयस पार्क था। इस पार्क का निर्माण ब्रैंपटन शहर की तरफ से किया जाएगा।
मानद सचिव ने बताया कि कैनेडा के इस गीता पार्क में ब्रह्मसरोवर कुरुक्षेत्र की तर्ज पर श्रीकृष्ण-अर्जुन रथ को कैनेडा की सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से स्थापित किया जा रहा है। इस पार्क और रथ को स्थापित करने में केडीबी की राय ली जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल, ब्रैंपटन के मेयर पैट्रिक ब्राउन और सभी काउंसलर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रोजेक्ट से कैनेडा के लोग भी इस पार्क व रथ को देखकर हरियाणा व कुरुक्षेत्र को देखने के लिए आएंगे और इससे पर्यटन में इजाफा होगा।
छाबड़ा ने बताया कि कैनेडा में 16 से 18 सितंबर तक अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव का शुभारंभ 16 सितंबर को पार्लियामेंट हिल ओटावा से होगा। पार्लियामेंट में पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों पर चर्चा की जाएगी। 17 सितंबर को मिसिसॉगा में सुबह के सत्र में लिविंग आर्ट सेंटर में गीता पर सेमिनार होगा और सायं के समय श्रीकृष्ण लीला कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 18 सितंबर को डूडांस स्क्वायर टोरंटो में शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा।
कैनेडा में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव मनाने की तैयारी
मदन मोहन छाबड़ा ने बताया कि कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की तरफ से कैनेडा में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 16 से 18 सितंबर तक मनाने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। इस महोत्सव में जिओ गीता संस्था प्रमुखता से हिस्सा ले रही है। कैनेडा में जिओ गीता की तरफ से ही मुख्य तौर पर तैयारी की जा रही है।