दिल्ली में दूसरे के वीजा पर कैनेडा भेजने की कोशिश, दो लोग गिरफ्तार
नई दिल्ली/ टोरंटो
कैनेडा भेजने के नाम पर बोर्डिग पास व अन्य कागजात की अदला-बदली के मामले में आइजीआइ थाना पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान बलजिंदर सिंह तेजा और मनजिंदर सिंह के रूप में हुई है। इस मामले में रमनलाल खोड़ीदास, शांतिबेन रमनदास, हरसिमरनजीत सिंह और प्रियंका को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चार अप्रैल को शिकायत मिली थी कि हरसिमरनजीत सिंह व प्रियंका के पास पासपोर्ट नहीं है। बोर्डिग पास में रमनलाल खोड़ीदास व शांतिबेन रमनलाल खोड़ीदास लिखा है। बाद में सीसीटीवी फुटेज में पता चला कि हरसिमरनजीत सिंह और प्रियंका व रमनलाल खोड़ीदास, शांतिबेन रमनलाल खोड़ीदास ने इंटरनेशनल रिटेल एरिया में कागजात का आदान प्रदान किया है।
दरअसल, प्रियंका व हरसिमरनजीत सिंह को कैनेडा जाना था और उनके पास वीजा नहीं था। वहीं रमनलाल खोड़ीदास व शांतिबेन रमनलाल के पास कैनेडा का वीजा था। ऐसे में ये दोनों अपना वीजा हरसिमरनजीत व प्रियंका को दे रहे थे। सुरक्षा जांच से बचने के लिए ये चारो एयरपोर्ट के अंदर चले गए और बाद में कागजात का आदान-प्रदान किया। इसके बाद पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपितों से पूछताछ के बाद पुलिस ने बलजिंदर सिंह तेजा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बलजिंदर ने पुलिस को बताया कि प्रियंका व हरसिमरनजीत सिंह ने कैनेडा जाने के बारे में संपर्क किया था। इसके बाद बलजिंदर ने मनजिंदर उर्फ राजबीर सिंह से संपर्क किया। मनजिंदर ने कहा कि वे एक गुजराती परिवार को जानते हैं, जिनके पास कैनेडा का वीजा है।
इसके बाद प्रियंका व हरसिमरनजीत सिंह से बात करने के बाद यह तय हुआ कि दोनों कोलंबो का टिकट कटाएंगे और बोर्डिंग पास मिलने के बाद एयरपोर्ट के अंदर जाकर रमनलाल खोड़ीदास व शांतिबेन रमनलाल खोड़ीदास से कागजात की बदली कर लेंगे। इसके तहत हरसिमरनजीत से छह लाख बलजिंदर ने लिए। मनजिंदर गिरोह का सरगना है। आइजीआइ थाने में पहले भी मामला दर्ज हुआ है।